ट्रेनों में ‘मनचाहा प्यार’ का झांसा देने वाला फर्जी बाबा गिरफ्तार
आरपीएफ ने पश्चिम बंगाल से मोहम्मद नजीर को दबोचा, 15 हजार पोस्टर बरामद /
रिपोर्ट राजेश सिंह
नई दिल्ली। Railway Protection Force (आरपीएफ) ने ट्रेनों में अवैध रूप से पोस्टर चिपकाकर लोगों को “मनचाहा प्यार” और “सेक्सुअल प्रॉब्लम से छुटकारा” दिलाने का दावा करने वाले तथाकथित “गुरु बाबा” मोहम्मद नजीर को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी देशभर की ट्रेनों और रेलवे परिसरों में बिना अनुमति पोस्टर चिपकवाकर लोगों को झांसे में लेता था। पोस्टरों में मोबाइल नंबर देकर संपर्क करने को कहा जाता था और फिर मोटी रकम वसूली जाती थी।
आरपीएफ की कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से करीब 15 हजार पोस्टर बरामद हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक यह नेटवर्क संगठित तरीके से काम कर रहा था और अलग-अलग राज्यों में पोस्टर लगवाने के लिए लोगों को लगाया गया था।
रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि ट्रेनों और स्टेशनों पर इस तरह के विज्ञापन पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि ऐसे भ्रामक दावों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या आरपीएफ को दें।
मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन जुड़े हैं।


