डीएफओ डायरी:फॉरेस्ट वॉरियर्स”उत्तराखंड के गुमनाम वन रक्षकों को समर्पित,24 अक्टूबर को होगी पैन इंडिया रिलीज
फिरोज खान/यूपी हेड
रिपोर्ट-सत्यप्रकाश
बरेली। उत्तराखंड के जंगलों को आग से बचाने वाले गुमनाम योद्धाओं की वीरगाथा पर आधारित हिंदी फीचर फिल्म “डीएफओ डायरी: फॉरेस्ट वॉरियर्स” शुक्रवार, 24 अक्टूबर को पैन इंडिया रिलीज हो रही है। यह फिल्म उन वनकर्मियों और स्थानीय नायकों को श्रद्धांजलि देती है जिन्होंने 2024 के बिनसर (अल्मोड़ा) जंगल अग्निकांड में अपने प्राणों की आहुति दी थी।
फिल्म के पोस्टर का विमोचन उत्तराखंड के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने फिल्म की विषयवस्तु की सराहना करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में समाजसेवी अनिल कुमार सक्सेना एडवोकेट, नंदा राणा, वरिष्ठ कवि रोहित राकेश, देवेंद्र रावत, चंदर तनेजा, नीलम गंगवार, प्रदीप मिश्रा, हरजीत कौर, प्रमोद उपाध्याय और मेघ प्रकाश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फिल्म की कहानी और संदेश:
“डीएफओ डायरी: फॉरेस्ट वॉरियर्स” एक प्रेरणादायक सिनेमाई अनुभव है जो उत्तराखंड के जंगलों को बचाने की खामोश लड़ाई लड़ रहे वन रक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों के संघर्ष को सामने लाती है। फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह ये लोग अपने पर्यावरण और धरती माँ की रक्षा के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना आग, शिकारी और प्राकृतिक आपदाओं से जूझते हैं।
फिल्म की सिनेमाटोग्राफी उत्तराखंड की सुंदरता को बखूबी दर्शाती है नैनीताल, भवाली, पंगोट, रामगढ़ और मुक्तेश्वर जैसे स्थलों पर फिल्माई गई यह मूवी दर्शकों को हिमालय की गोद में बसे हरे-भरे जंगलों, धुंध भरी घाटियों और पारंपरिक पहाड़ी जीवन की झलक दिखाती है।
मुख्य कलाकार और तकनीकी टीम:
फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में बीजू लाल (IFS), नीलम वर्मा, देवेंद्र बिष्ट, हर्षिता कोहली, राजेश आर्य, शंभु दत्त साहिल, पवन कुमार, मनोज शाह टोनी, मुकेश धस्माना, प्रदीप मिश्रा और सईद हैं।
फिल्म के लेखक और निर्देशक महेश भट्ट, निर्माता सज्जू लाल टी.आर., कॉन्सेप्ट बीजू लाल (IFS), क्रिएटिव प्रोड्यूसर आयुष्मान भट्ट, कैमरा मनोज सती और संतोष पाल, संपादन आयुष्मान और आलोक सिंह, पटकथा ऋतुराज, संगीत अमित वी. कपूर, विनय कोचर और मन चौहान, स्वर पद्मश्री कैलाश खेर और बीजू लाल IFS, कास्टिंग सौरभ मिश्रा, कॉस्ट्यूम काजल सिंह, फाइट डायरेक्टर अरुण सिंह, आर्ट डायरेक्टर मोहम्मद जावेद हुसैन तथा एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर संजय मैठाणी हैं।
यह फिल्म दर्शकों को सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक संदेश भी देती है कि प्रकृति की रक्षा के लिए हर व्यक्ति को “फॉरेस्ट वॉरियर” बनना होगा।
फिल्म रिलीज़ डेट: 24 अक्टूबर, 2025
रिलीज़ मोड: पैन इंडिया
शैली: एडवेंचर, ड्रामा, रियलिस्टिक एनवायरनमेंटल सिनेमा


