डीएम अविनाश सिंह ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा की, बैंकर्स को लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश
तहसील और विकासखंड स्तर पर विशेष शिविर लगाने के निर्देश, लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ दिलाने पर जोर
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। विकास भवन स्थित सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, लंबित ऋण आवेदनों तथा लाभार्थियों के पंजीकरण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और बैंकर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़कर बिजली के खर्च में राहत देना है। इसके लिए सभी विभाग और बैंक आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने बैंकर्स को निर्देशित किया कि योजना के तहत लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी आवेदन को बिना उचित कारण लंबित न रखा जाए।
डीएम अविनाश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील एवं विकासखंड स्तर पर विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार योजना का लाभ उठा सकें। उन्होंने जनजागरूकता बढ़ाने और पात्र लाभार्थियों तक योजना की जानकारी पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में बैंक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यदि किसी ऋण आवेदन को अस्वीकृत किया जाता है तो आवेदक को उसका स्पष्ट और पारदर्शी कारण बताया जाए। साथ ही बैंक शाखाओं में आने वाले लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के साथ-साथ मुख्यमंत्री युवा योजना के अंतर्गत लंबित ऋण आवेदनों का भी समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना किसी अनावश्यक देरी के पहुंचना चाहिए और सभी संबंधित विभाग इसकी नियमित मॉनिटरिंग करें।


