डेवलप्ड दिल्ली @ 2047’ सम्मेलन में बरेली के महापौर उमेश गौतम ने रखे शहरी विकास के विचार
रिपोर्ट /सत्य प्रकाश
बरेली/नई दिल्ली। राजधानी नई दिल्ली में आयोजित “डेवलप्ड दिल्ली @ 2047” सम्मेलन में डॉ. उमेश गौतम ने शहरों के भविष्य और समग्र विकास की दिशा को लेकर अपने विचार साझा किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शहरों के विकास के लिए स्वच्छता, बेहतर नागरिक सुविधाएं और मजबूत शहरी व्यवस्थाएं बेहद जरूरी हैं।
यह सम्मेलन ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट द्वारा अपने शताब्दी वर्ष के अवसर पर इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित किया गया। “दिल्ली अर्बन डायलॉग्स” श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश के शहरी विशेषज्ञों, महापौरों और नीति निर्माताओं ने हिस्सा लिया और शहरों के सतत विकास पर चर्चा की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि शहरों की प्रगति केवल बुनियादी ढांचे से नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार से भी तय होती है। इसके लिए स्वच्छता, सतत शहरी सेवाएं और पारदर्शी सुशासन को मजबूत करना समय की मांग है।
उन्होंने ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था लंबे समय से शहरी निकायों को सशक्त बनाने, क्षमता विकास और सतत शहरी विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि बरेली में भी इस संस्था के सहयोग से स्वच्छता, जनजागरूकता और शहरी प्रबंधन से जुड़े कई कार्यों को गति मिली है।
महापौर ने सम्मेलन के दौरान बरेली में चल रहे स्वच्छता अभियान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े प्रयासों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय मंच शहरों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और बेहतर नीतियां अपनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान महापौर उमेश गौतम ने रूसी शहरों के प्रतिनिधियों के साथ पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और शहरी विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान भी किया। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग के नए रास्ते खुलने की उम्मीद जताई गई।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में विजया के. रहाटकर मौजूद रहीं, जबकि स्वागत संबोधन जयराज फाटक ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सतत, समावेशी और भविष्य उन्मुख शहरों के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। महापौर उमेश गौतम ने विश्वास जताया कि ऐसे संवाद और सहयोग से बरेली सहित देश के शहरों के विकास को नई दिशा मिलेगी।
