डॉ. रवीश अग्रवाल बने IMA उत्तर प्रदेश के निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष, चिकित्सा जगत में खुशी की लहर
फिरोज खान, यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/हैदर अली
बरेली। शहर के प्रख्यात चिकित्सक और रवि साधना हॉस्पिटल के संचालक डॉ. रवीश अग्रवाल को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) उत्तर प्रदेश का निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है।
उन्हें यह जिम्मेदारी वर्ष 2026-27 के कार्यकाल के लिए सौंपी गई है। उनके निर्विरोध चुने जाने से न केवल बरेली बल्कि पूरे प्रदेश के चिकित्सा समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई है।
डॉ. अग्रवाल इससे पहले आईएमए बरेली शाखा के अध्यक्ष रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने चिकित्सकों को एकजुट करने के साथ ही सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई अभियान भी चलाए। उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों, रक्तदान कार्यक्रमों और ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से समाजसेवा की मिसाल पेश की। उनके नेतृत्व में आईएमए बरेली ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की थीं।
उनके निर्विरोध चुने जाने के बाद बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। आसपास के क्षेत्रों से चिकित्सक, समाजसेवी और आम नागरिक बड़ी संख्या में उनके आवास पर पहुंचकर शुभकामनाएं दे रहे हैं। विशेष रूप से चनेटी, चनेता और कंधरापुर गांवों से लोगों का आना लगातार जारी है।
डॉ. रवीश अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि उनका लक्ष्य प्रदेश के चिकित्सकों के हितों की रक्षा करते हुए आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आईएमए को समाजसेवा की दिशा में और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा।
उनके इस चयन से बरेली का नाम एक बार फिर चिकित्सा जगत में रोशन हुआ है। स्थानीय लोगों ने इसे शहर के लिए गर्व का क्षण बताया है।
