तेज हवा से टूटा हाईटेंशन तार, रोडवेज बस में लगी आग, आसपास खड़ी बसें बाल-बाल बचीं
रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली/बहेड़ी में रविवार देर रात तेज हवा के कारण हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर रोडवेज बस पर गिरने से अचानक आग लग गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद होने से बड़ा नुकसान टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीलीभीत-बहेड़ी रोड स्थित बस अड्डे के पास खड़ी रोडवेज बस पर अचानक हाईटेंशन तार गिर गया। तार गिरते ही तेज चिंगारियां उठीं और बस में आग लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बिजली निगम, पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग से बस को काफी नुकसान हुआ, लेकिन आसपास खड़ी अन्य बसें और दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बिजली समय पर बंद न कराई जाती तो आग फैलकर बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद देर रात तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही और इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।


