तौकीर रजा की 14 दिन की न्यायिक हिरासत बढ़ी:करोड़ो की संपत्ति पर चला चूका है बुलडोजर,
फिरोज खान- भास्कर टुडे
बरेली बवाल में अब तक 105 गिरफ्तारियां हो चुकी है
बरेली-26 सितंबर के बरेली बवाल के मुख्य आरोपी और इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को फतेहगढ़ जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेशी हुई, जहां सीजेएम कोर्ट ने उनकी न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ा दी। अब अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को होगी।
फतेहगढ़ जेल से वीडियो पेशी, कोर्ट में दिखे शांत
करीब 110 किलोमीटर दूर फतेहगढ़ जेल से तौकीर रजा की वर्चुअल पेशी कराई गई। पेशी के दौरान वे शांत और संयमित दिखे। अदालत में उनके खिलाफ दर्ज मामलों की प्रगति रिपोर्ट पेश की गई। वहीं, उनके करीबी नदीम, डॉ. नफीस अहमद, नफीस का बेटा और अनीस सकलैनी को भी कोर्ट में पेश किया गया।
बरेली बवाल में अब तक 105 गिरफ्तारियां
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अब तक बरेली बवाल से जुड़े 105 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें तौकीर रजा के संगठन IMC के कई पदाधिकारी शामिल हैं। सुरक्षा कारणों से रजा को बरेली जेल से फतेहगढ़ जेल ट्रांसफर किया गया था।
20 से ज्यादा केस, 12 मुकदमे बरेली बवाल से जुड़े
तौकीर रजा के खिलाफ अब तक 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 12 केस सीधे बरेली बवाल से संबंधित हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीन और मामलों में भी उनके खिलाफ साक्ष्य मिले हैं, जिनमें जल्द नामजदगी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रशासन की सख्ती: 250 करोड़ की संपत्ति सील
गिरफ्तारी के बाद प्रशासन ने तौकीर रजा और उनके करीबियों पर जबरदस्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
करीब 250 करोड़ रुपए की संपत्ति सील की गई है।
IMC के महासचिव डॉ. नफीस अहमद के 5 करोड़ रुपए के बारातघर पर बुलडोजर चला।
तौकीर रजा के भतीजे और सपा पार्षद ओमान रजा के अवैध चार्जिंग स्टेशन को ध्वस्त कर दिया गया।
BDA-पुलिस की संयुक्त जांच जारी
बरेली विकास प्राधिकरण (BDA), नगर निगम और पुलिस की टीमें अब फाइक एन्क्लेव, सुभाषनगर और कुरेशान मोहल्ले में अवैध संपत्तियों की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है
“कानूनी प्रक्रिया पूरी कर हर अवैध निर्माण पर कार्रवाई होगी, चाहे आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।”
अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को
कोर्ट ने अगली पेशी की तारीख 28 अक्टूबर तय की है। संभावना है कि सुरक्षा कारणों से अगली सुनवाई भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही कराई जाएगी।
आपको बता दे
1….तौकीर रजा की 14 दिन की न्यायिक हिरासत बढ़ी
2…26 सितंबर बरेली बवाल में मुख्य आरोपी घोषित
3…अब तक 105 गिरफ्तारी, 12 मुकदमे दर्ज
4….250 करोड़ की संपत्ति सील, अवैध निर्माण ध्वस्त
5…..अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को होगी


