दिल्ली के साध नगर में भीषण आग, एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत
रिपोर्ट /राजेश सिंह
नई दिल्ली।दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के साध नगर, पालम इलाके में बुधवार को चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसे का रूप ले लिया। इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 मासूम बच्चे भी शामिल हैं। वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, साध नगर स्थित चार मंजिला रिहायशी इमारत में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दमकल कर्मियों और पुलिस ने इमारत के अंदर से कई लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। घायल तीन लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटना के कारणों की जांच कर रही हैं। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग भी राहत और बचाव कार्य में जुटे रहे। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।


