दिल्ली बम धमाका,आतंकवाद के खिलाफ धर्मगुरुओं को चलाना चाहिए अभियान: मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/हैदर अली
बरेली, दिल्ली में हुए भयानक बम धमाके को लेकर आल इंडिया मुस्लिम जमात ने गहरा दुख व्यक्त किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने इस घटना को अत्यंत अफसोसनाक और दुखद बताया है तथा कहा है कि इसकी गहनता से जांच की जानी चाहिए ताकि असली दोषियों को बेनकाब कर सख्त सजा दी जा सके।
मौलाना रज़वी ने कहा कि यह पता लगाना बेहद जरूरी है कि ऐसी घटनाओं के पीछे भारत के अंदर या बाहर कौन-सी ताकतें सक्रिय हैं जो देश की शांति और एकता को भंग करने की साजिश रच रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घिनौनी हरकतों में शामिल लोगों और संगठनों को कानून के दायरे में लाकर कैफ-ए-किरदार तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने सभी धर्मों के धर्मगुरुओं से अपील की कि वे एकजुट होकर आतंकवाद और कट्टरपंथी विचारधारा के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाएं। मौलाना रज़वी ने कहा,
“मैं एक मुस्लिम धर्मगुरु के रूप में हर धर्म के लोगों के साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ आंदोलन चलाने के लिए तैयार हूं। भारत सरकार को भी इस दिशा में हमारा सहयोग करना चाहिए।”
साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि धमाके में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायल व्यक्तियों को 2.5-2.5 लाख रुपये की मदद दी जाए।


