दोस्ती में छिपा खौफनाक राज: चाय में नशा देकर दोस्त पर जानलेवा हमला,
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट-हैदर अली
गले पर छुरी से वार और करंट से दी यातना
बरेली। शाही कस्बा के मोहल्ला मोती नगर में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त पर जानलेवा हमला कर दिया।
पहले चाय में नशीला पदार्थ मिलाया, फिर बेहोशी की हालत में करंट लगाया और जब वह संभलने की कोशिश करने लगा तो गले पर छुरी से वार कर दिया। इस घटना से पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय निवासी गुलाम नबी के घर में उनके परिचित इफरात हुसैन उर्फ बाबू खां कुछ दिनों से रह रहा था। मंगलवार रात बाबू खां ने गुलाम नबी को चाय पिलाई, जिसमें संभवतः नशीला पदार्थ मिला हुआ था। चाय पीने के बाद गुलाम नबी गहरी नींद में चले गए। इसी दौरान आरोपी ने बिजली के तार से उन्हें करंट लगाना शुरू कर दिया।
अचानक दर्द और झटकों से गुलाम नबी की नींद खुली तो उन्होंने शोर मचाया। तभी आरोपी ने छुरी से उनके गले पर हमला कर दिया। शोर सुनकर उनकी पत्नी शबाना और पुत्र आजम कमरे में पहुंचे तो आरोपी छुरी लेकर मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने आनन-फानन में आसपास के लोगों की मदद से घायल गुलाम नबी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल गुलाम नबी ने बताया, “हमने उसे दोस्त समझकर अपने घर में जगह दी थी, लेकिन उसने हमारे भरोसे का कत्ल कर दिया। समझ नहीं पा रहे कि उसने ऐसा क्यों किया।”
पत्नी शबाना की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बाबू खां के खिलाफ जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। लोग हैरान हैं कि जिस व्यक्ति को परिवार ने दोस्ती और भरोसे के नाते घर में शरण दी, उसने ही दोस्ती का खंजर पीठ में घोंप दिया।
