
धनतेरस 2025: बरेली के बाजारों में उमड़ी रौनक, ग्राहकों की भीड़ से गुलजार हुए बाजार
फिरोज खान
ब्यूरो रिपोर्ट-हैदर अली
धनतेरस से दीपोत्सव का शुभारंभ, सोना-चांदी से लेकर वाहनों तक जमकर हुई खरीदारी
बरेली। धनतेरस पर शनिवार को बरेली के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ बाजारों में उमड़ पड़ी। गहनों, वाहनों, बर्तनों और इलेक्ट्रॉनिक सामानों की दुकानों पर खरीदारी का सिलसिला दिनभर जारी रहा। माना जा रहा है कि धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर इस बार शहर में करीब 800 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। इसी के साथ रोशनी के पर्व दीपावली का शुभारंभ भी हो गया है।
सोना-चांदी की चमक, छोटे गहनों की बढ़ी डिमांड
सराफा कारोबारी अनिल पाटिल के अनुसार, इस वर्ष सोने-चांदी के दामों में करीब 60% की बढ़ोतरी के चलते लोग हल्के वजन के गहनों की ओर अधिक आकर्षित हुए। एक ग्राम से कम वजन की ईयरिंग, नोज पिन, अंगूठी और एक तोले का हार लोगों की पहली पसंद रहे। इसके अलावा टेंपल ज्वेलरी, कड़े, कंगन, चूड़ियां, मांग टीका और झुमके की भी भारी बिक्री हुई।
होम एप्लायंसेज और बर्तनों की जोरदार बिक्री
क्रॉकरी व्यापारी अंशुल कुमार ने बताया कि बाजार में स्टेनलेस स्टील, तांबे और नॉन-स्टिक बर्तनों की नई डिजाइन ने ग्राहकों का दिल जीत लिया है। वहीं, रेफ्रिजरेटर, मिक्सी, वाशिंग मशीन, हॉट केस और डिनर सेट्स की भी जबरदस्त बिक्री हुई। इस बार जीएसटी में कमी और आकर्षक ऑफर्स से ग्राहकों का उत्साह और बढ़ा है।
वाहन सेक्टर में रिकॉर्ड बुकिंग, डिलीवरी दिवाली पर
धनतेरस शनिवार को पड़ने के कारण कई ग्राहकों ने वाहन की बुकिंग तो कराई, लेकिन डिलीवरी दिवाली के दिन लेंगे। उन्होंने बताया कि इस त्योहार सीजन में करीब 500 कारें और 2000 बाइकें बिकने का अनुमान है।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बढ़ी ‘मेक इन इंडिया’ उत्पादों की बुकिंग
ई-कॉमर्स डिलारो ने बताया कि ब्लिंकइट, क्विक और जेप्टो जैसे प्लेटफॉर्म्स पर त्योहारी सीजन में ऑर्डर में भारी वृद्धि हुई है। घी, तेल, बेसन, सफाई उत्पाद, इलेक्ट्रिक दीये, मोमबत्तियां और जूस की बिक्री में उछाल आया है। लगभग 65% ऑर्डर ‘मेक इन इंडिया’ उत्पादों के रहे हैं।
फूलों के दामों में उछाल, गेंदा 150 और गुलाब 300 रुपये किलो
त्योहारी मांग के चलते फूलों की कीमतें भी बढ़ गई हैं। गेंदा फूल 150 रुपये और देसी गुलाब 300 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। विक्रेताओं का कहना है कि मंडी में आपूर्ति कम होने और मांग बढ़ने से दामों में उछाल आया है।
बाजारों को साप्ताहिक बंदी से मिली छूट
दिवाली पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आदेश जारी कर धनतेरस से दिवाली तक साप्ताहिक बंदी से छूट दी है। सभी बाजार अब 30 अक्तूबर को बंद रहेंगे। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
धनतेरस की रौनक से बरेली के बाजार पूरी तरह गुलजार हैं। सोने-चांदी की चमक, बर्तनों की खनक, वाहनों की बुकिंग और सजावट की जगमगाहट ने पूरे शहर को दीपोत्सव की खुशियों से सराबोर कर दिया है।