बरेली में शिक्षक सम्मेलन, भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरी सिंह ढिल्लो के समर्थन में जुटे शिक्षक मतदाता
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली, 11 जुलाई। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन को लेकर शनिवार को बरेली के आईएमए हॉल में माध्यमिक प्रबंधक-शिक्षक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में वित्तविहीन और सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधकों, शिक्षकों तथा बड़ी संख्या में शिक्षक मतदाताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना ने की। सम्मेलन को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने शिक्षक मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी एवं वर्तमान शिक्षक एमएलसी डॉ. हरी सिंह ढिल्लो को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।
राज्यमंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि डॉ. हरी सिंह ढिल्लो ने विधान परिषद में शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को मजबूती से उठाया है। उन्होंने शिक्षक मतदाताओं से एक बार फिर उन्हें प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में महापौर उमेश गौतम और जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने भी डॉ. ढिल्लो के समर्थन में मतदान की अपील की।
अपने संबोधन में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरी सिंह ढिल्लो ने कहा कि उन्होंने हमेशा पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य किया तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग लगातार विधान परिषद में उठाई गई, जिसके सकारात्मक परिणाम अब शिक्षकों को मिल रहे हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी नेतृत्व और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सम्मेलन के संयोजक एवं सदस्य विधान परिषद कुंवर महाराज सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षक प्रतिनिधियों और उपस्थित जनसमूह का धन्यवाद ज्ञापित किया।
सम्मेलन में एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, बहोरन लाल मौर्य, विधायक राघवेंद्र शर्मा, एम.पी. आर्य, डी.सी. वर्मा, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, एलडीबी के उपसभापति रविन्द्र सिंह राठौर, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक हरिशंकर गंगवार, पूर्व शिक्षा निदेशक महेंद्र देव, मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री एवं शिक्षक चुनाव के जिला संयोजक निर्भय गुर्जर ने किया।
