Home Uttar Pradesh नववर्ष पर बरेली में ट्रैफिक प्लान लागू, 31 दिसंबर सुबह 8 बजे...

नववर्ष पर बरेली में ट्रैफिक प्लान लागू, 31 दिसंबर सुबह 8 बजे से 1 जनवरी रात 2 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद

0

 

नववर्ष पर बरेली में ट्रैफिक प्लान लागू, 31 दिसंबर सुबह 8 बजे से 1 जनवरी रात 2 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद

रिपोर्ट/सत्य प्रकाश 

बरेली। नव वर्ष के जश्न और शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया है। जिला प्रशासन और यातायात पुलिस के संयुक्त निर्णय के तहत 31 दिसंबर 2025 की सुबह 8 बजे से 1 जनवरी 2026 की रात 2 बजे तक नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

इस अवधि में शहर सीमा के भीतर सभी प्रकार के भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। हालांकि दूध, दवा और अन्य आवश्यक वस्तुएं ले जाने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। बदायूं की ओर से बरेली आने वाले वाहन भमौरा, देवचरा चौराहा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर और बड़े बाईपास के रास्ते ट्रांसपोर्ट नगर तक जाएंगे। वहीं बदायूं की ओर से लखनऊ, शाहजहांपुर और पीलीभीत जाने वाले भारी वाहनों को देवचरा चौराहा से दातागंज और फतेहगंज पूर्वी होते हुए बड़े बाईपास की ओर मोड़ा जाएगा।

लखनऊ और शाहजहांपुर से बदायूं जाने वाले भारी वाहन फतेहगंज पूर्वी, दातागंज और देवचरा चौराहा होकर गुजरेंगे। इसी तरह पीलीभीत और नैनीताल की ओर से बदायूं जाने वाले वाहनों को बड़े बाईपास, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी के रास्ते भेजा जाएगा। दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से बदायूं जाने वाले भारी वाहन भी बड़े बाईपास से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए झुमका तिराहा, विलवा, विलयधाम, लालपुर गांव कट, नवदिया झादा, इनवर्टीस तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहे पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने शहरवासियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि यह व्यवस्था लोगों की सुरक्षा और सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version