Home Uttar Pradesh नौकरी की तलाश में निकली महिला की सड़क हादसे में मौत, टैंकर...

नौकरी की तलाश में निकली महिला की सड़क हादसे में मौत, टैंकर चालक फरार

0

नौकरी की तलाश में निकली महिला की सड़क हादसे में मौत, टैंकर चालक फरार

रिपोर्ट/राजेश सिंह 

बरेली। शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने एक महिला की जिंदगी छीन ली। ईसाइयों की पुलिया के पास तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर से स्कूटी सवार 30 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब साढ़े दस बजे स्कूटी से जा रही महिला को पीछे से आ रहे टैंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर चोट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान मीना कुमारी पत्नी चंद्रपाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से आंवला क्षेत्र के गांव कंदरपुर की रहने वाली थीं और वर्तमान में कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया पावर हाउस के पास किराये पर रह रही थीं। बताया गया है कि वह नर्सिंग का कोर्स कर चुकी थीं और अस्पताल में नौकरी की तलाश कर रही थीं।

परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से पति से अलग रहकर खुद मेहनत कर अपना जीवन यापन कर रही थीं। गुरुवार सुबह भी वह रोजगार की तलाश में निकली थीं, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फरार टैंकर और चालक की तलाश जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version