पीलीभीत में गैस गीजर बना मौत का कारण, बाथरूम में दम घुटने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत
रिपोर्ट/राजेश सिंह
पीलीभीत। सर्दी के मौसम में गैस गीजर का लापरवाही से इस्तेमाल एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। शहर के गुरुकुलपुरम मोहल्ले में रविवार देर रात बाथरूम में गैस गीजर चलने से दम घुट गया, जिससे पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान जिला ग्राम विकास अभिकरण (डीआरडीए) में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हरजिंदर सिंह और उनकी पत्नी रेनू के रूप में हुई है।
हरजिंदर सिंह अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहते थे। रविवार रात करीब 11 बजे मकान मालिक ने जब हरजिंदर सिंह को फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उनकी पत्नी रेनू को भी फोन मिलाया गया, लेकिन वहां से भी कोई जवाब नहीं मिला। लगातार कॉल न उठने पर मकान मालिक को अनहोनी की आशंका हुई।
मकान मालिक ने कमरे में झांककर देखा, लेकिन कोई नजर नहीं आया। बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो दरवाजे की दरार से झांककर देखा गया, जहां दोनों अचेत अवस्था में पड़े दिखाई दिए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वीडियोग्राफी कराते हुए बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया और दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में बाथरूम में गैस गीजर चलने से ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस भरने के कारण दम घुटने की बात सामने आई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सर्दियों में गैस गीजर का इस्तेमाल पूरी सावधानी और उचित वेंटिलेशन के साथ करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।


