Home Bareilly प्रॉपर्टी विवाद में पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, SSP अनुराग आर्य ने 4...

प्रॉपर्टी विवाद में पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, SSP अनुराग आर्य ने 4 को किया निलंबित

0

प्रॉपर्टी विवाद में पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, SSP अनुराग आर्य ने 4 को किया निलंबित

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। बरेली पुलिस में भ्रष्टाचार और वर्दी के दुरुपयोग के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने थाना बारादरी में तैनात चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला एक प्रॉपर्टी डीलर से जुड़े 10 लाख रुपये के विवाद का है, जिसमें पुलिसकर्मियों पर आवेदक को अवैध रूप से बंधक बनाकर पैसे के लेनदेन का दबाव बनाने का आरोप लगा है।

पुलिस जांच के अनुसार, आवेदक ने एक प्लॉट खरीदने के लिए प्रॉपर्टी डीलर को 10 लाख रुपये दिए थे। आरोप है कि निर्धारित समय के बावजूद न तो प्लॉट का एग्रीमेंट कराया गया और न ही रकम वापस की गई। शिकायत में यह भी कहा गया कि पैसे वापस मांगने पर प्रॉपर्टी डीलर ने थाना बारादरी के कुछ पुलिसकर्मियों से मिलकर आवेदक पर दबाव बनवाया।

जांच रिपोर्ट में सामने आया कि संबंधित पुलिसकर्मियों ने आवेदक को अपने आवास पर बैठाए रखा और कथित रूप से समझौते तथा पैसों के लेनदेन के लिए दबाव बनाया। मामले की शिकायत मिलने के बाद SSP ने तत्काल जांच कराई। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में मुख्य आरक्षी आशीष मिश्रा, मुख्य आरक्षी राहुल कुमार, आरक्षी सिद्धांत चौधरी और आरक्षी आदित्य प्रताप सिंह शामिल हैं। सभी थाना बारादरी में तैनात थे।

SSP अनुराग आर्य ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अनुचित दबाव और वर्दी के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा का माहौल है। वहीं आम लोगों ने SSP की सख्त कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा है कि जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाना जरूरी है। पुलिस विभाग अब पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के जरिए सभी तथ्यों की पड़ताल करेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version