मुंडिया अहमदनगर के डॉ. कमल राज ने बढ़ाया जिले का गौरव, सुपर-स्पेशलिटी परीक्षा में ऑल इंडिया छठी रैंक हासिल
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
रिठौरा। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के गांव मुंडिया अहमदनगर के रहने वाले किसान सूरजपाल के पुत्र एवं युवा चिकित्सक डॉ. कमल राज ने चिकित्सा क्षेत्र की प्रतिष्ठित इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इम्पोर्टेंस सुपर-स्पेशलिटी (INI-SS) जुलाई 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर गांव, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। डॉ. कमल राज ने यूरोलॉजी सर्जिकल ग्रुप में पूरे देश में छठी रैंक प्राप्त की है।
डॉ. कमल राज की इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई दी है। सीमित संसाधनों के बीच मेहनत और लगन के बल पर मिली यह सफलता साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
अपनी सफलता पर डॉ. कमल राज ने इसका श्रेय अपनी माता ऊषा देवी, पिता सूरजपाल, शिक्षिका पूनम गंगवार तथा परिवार और मार्गदर्शकों उमेश पटेल, पूजा मिश्रा, सुधांशु शर्मा, उपासना शर्मा और सत्यपाल पटेल को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और लगातार किए गए परिश्रम के कारण ही वह यह मुकाम हासिल कर सके हैं।
डॉ. कमल राज की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता ने न केवल मुंडिया अहमदनगर बल्कि पूरे बरेली जिले को गौरवान्वित किया है।
