🚨 ब्रेकिंग न्यूज | हल्द्वानी। बनभूलपुरा में चला बुलडोजर, 20 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त। हरीश भाकुनी हल्द्वानी। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने शनिवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में लाइन नंबर-1 स्थित ईदगाह के पास नालों पर बने 20 से अधिक अवैध पक्के निर्माणों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।
प्रशासन के अनुसार नालों पर हुए अतिक्रमण के कारण बरसात में पानी की निकासी बाधित हो रही थी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो रही थी। कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर स्वयं निर्माण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन आदेश का पालन न होने पर संयुक्त टीम ने बुलडोजर कार्रवाई की।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने स्पष्ट कहा कि जल निकासी में बाधा बनने वाले किसी भी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि शहर को जलभराव मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक नालों, नालियों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


