बरेली जिला जेल में कैदी की संदिग्ध मौत हत्या के मामले में सजा काट रहा था
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट-हैदर अली
उम्रकैद की सजा, परिवार में मचा कोहराम
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगा मौत का खुलासा, पुलिस जांच में जुटी
बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित जिला जेल बरेली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा एक कैदी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया।
मृतक की पहचान प्रताप सिंह, निवासी क्योंलड़िया थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। सोमवार शाम करीब 7 बजे उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों का कहना है कि प्रताप सिंह बीते कई वर्षों से हत्या के मामले में जेल में सजा काट रहे थे। सोमवार शाम अचानक परिवार को जेल प्रशासन की ओर से उसकी मौत की सूचना मिली।
इस खबर के बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया था। परिवार का आरोप है कि प्रताप सिंह की मौत संदिग्ध हालात में हुई है और वे जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम का माहौल है। रोते-बिलखते परिजनों का कहना है कि प्रताप सिंह की तबीयत बिल्कुल ठीक थी, ऐसे में अचानक हुई मौत कई सवाल खड़े कर रही है। पुलिस और जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिला जेल में हुई इस संदिग्ध मौत ने एक बार फिर कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


