बरेली पुलिस में बड़ा फेरबदल: 54 इंस्पेक्टर-दारोगा ट्रांसफर, SSP अनुराग आर्य के सख्त निर्देश
साइबर थाना, क्राइम ब्रांच और ANTF समेत अहम शाखाओं में बदलाव, तुरंत नई तैनाती जॉइन करने का आदेश
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली।जनपद बरेली में पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव करते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने एक साथ 54 पुलिसकर्मियों का गैर जनपद ट्रांसफर कर दिया है। इनमें 5 इंस्पेक्टर और 49 दारोगा शामिल हैं। सभी को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करते हुए नए जनपदों में समय से आमद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह फेरबदल उन अधिकारियों का किया गया है, जिनका जिले में कार्यकाल पूरा हो चुका था। ट्रांसफर की इस कार्रवाई से थानों से लेकर विशेष शाखाओं तक व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।
अहम शाखाओं में बदले प्रभारी
जारी सूची के अनुसार साइबर थाना, क्राइम ब्रांच, न्यायालय सुरक्षा और एएनटीएफ जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों में तैनात अधिकारियों को भी बदला गया है। साइबर थाना प्रभारी नीरज सिंह यादव को शाहजहांपुर भेजा गया है, जबकि क्राइम ब्रांच से रामसेवक और न्यायालय सुरक्षा प्रभारी सतीश कुमार को बदायूं स्थानांतरित किया गया है। पुलिस लाइंस से भी कई कर्मियों को पीलीभीत भेजा गया है।
दारोगाओं की लंबी सूची जारी
ट्रांसफर सूची में एएनटीएफ प्रभारी समेत कई अनुभवी दारोगाओं के नाम शामिल हैं। बड़ी संख्या में उपनिरीक्षकों के तबादले से विभागीय संरचना में व्यापक बदलाव तय माना जा रहा है।
तत्काल जॉइनिंग के निर्देश
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्थानांतरित अधिकारी बिना देरी किए अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। आदेशों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
कानून व्यवस्था पर पड़ेगा असर
इस बड़े पैमाने पर हुए तबादलों के बाद जिले के कई थानों में नए अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे। माना जा रहा है कि इससे पुलिसिंग में नई ऊर्जा और कार्यशैली देखने को मिलेगी, साथ ही कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।


