Home Uttar Pradesh बरेली बाईपास हादसे पर प्रशासन सख्त, डीएम ने बैठाई जांच — NHAI...

बरेली बाईपास हादसे पर प्रशासन सख्त, डीएम ने बैठाई जांच — NHAI की भूमिका भी होगी जांच के दायरे में

0
Oplus_0

बरेली बाईपास हादसे पर प्रशासन सख्त, डीएम ने बैठाई जांच — NHAI की भूमिका भी होगी जांच के दायरे में

परधौली तिराहे के पास खड़े टैंकर से टकराकर बोलेरो-बाइक हादसे में 5 की मौत, 3 घायल; ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने के निर्देश

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली।सीबीगंज थाना क्षेत्र के बड़ा बाइपास पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। परधौली तिराहे के पास खड़े क्षतिग्रस्त टैंकर से टकराकर हुए हादसे में पांच लोगों की मौत और तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रशासन ने हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच कमेटी गठित कर दी है।

जानकारी के अनुसार रामपुर की दिशा में जा रही तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े एक क्षतिग्रस्त टैंकर में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक भी बोलेरो से टकरा गई, जिससे हादसा और गंभीर हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

पुलिस ने तत्काल राहत-बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने बाइक सवार दो युवकों और बोलेरो में सवार तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में सीबीगंज के अटा कायस्थान निवासी मुमताज और शहजाद, फरीदपुर निवासी मनमोहन तथा बीसलपुर (पीलीभीत) निवासी दुर्गेश की पहचान हुई है, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे में घायल तीन लोगों में दो बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया इसमें लापरवाही की आशंका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर जिम्मेदारी तय होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हाईवे पर खड़े वाहनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। इस मामले में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) समेत संबंधित एजेंसियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस टैंकर से टक्कर हुई, वह पहले से ही क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे खड़ा था। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले इसी स्थान पर टैंकर और रोडवेज बस की टक्कर हुई थी, जिसके बाद से टैंकर वहीं खड़ा रहा और उसे हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई।

वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में बोलेरो की तेज रफ्तार भी हादसे का एक प्रमुख कारण सामने आई है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि दुर्घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।

घटना के बाद डीएम ने अधिकारियों को बड़ा बाइपास समेत जिले के सभी संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने और वहां जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version