बरेली बार चुनाव की मतगणना शुरू, 21 पदों पर 80 प्रत्याशियों का भविष्य तय होना शुरू
कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रजत विजयी, अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबले ने बढ़ाई धड़कनें
रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली। बरेली बार एसोसिएशन के द्विवर्षीय चुनाव के लिए हुए ऐतिहासिक मतदान के बाद मंगलवार सुबह से कचहरी परिसर में मतगणना का कार्य शुरू हो गया। मतगणना के साथ ही 21 पदों पर चुनाव लड़ रहे 80 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना शुरू हो गया है।
इस चुनाव में कुल 2736 सीओपी धारक मतदाताओं में से 2428 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। शुरुआती दौर की मतगणना में पहला परिणाम सामने आ चुका है, जिसमें कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रजत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 514 वोटों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। इस जीत के बाद कचहरी परिसर में समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सबसे ज्यादा निगाहें अध्यक्ष पद पर टिकी हुई हैं, जहां मुकाबला बेहद रोमांचक और त्रिकोणीय बना हुआ है। वर्तमान अध्यक्ष मनोज हरित अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों के सहारे दोबारा अध्यक्ष बनने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं पूर्व अध्यक्ष अनिल द्विवेदी अपने अनुभव और मजबूत संगठनात्मक पकड़ के दम पर मैदान में डटे हुए हैं। तीसरे प्रमुख दावेदार ज्वाला प्रसाद अधिवक्ताओं के मान-सम्मान और परिवर्तन को मुद्दा बनाकर चुनावी रण में हैं। इसके अलावा अजय कुमार निर्मोही और अमित बिसरिया भी मजबूती से मुकाबले को रोचक बनाए हुए हैं।
सचिव पद पर भी कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। प्रत्याशी दीपक पांडे का कहना है कि उनका पिछला कार्यकाल ही उनका घोषणापत्र है। हाईकोर्ट बेंच, आयुष्मान योजना सहित कई अहम मुद्दों पर उनके कार्यों का असर आज के रुझानों में दिखने की उम्मीद जताई जा रही है।
मतगणना को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाए रखने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी राजीव जयपति की देखरेख में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मतगणना स्थल के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। कचहरी परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है और केवल अधिकृत व्यक्तियों व प्रत्याशियों को ही मतगणना केंद्र के पास जाने की अनुमति दी गई है।
जैसे-जैसे राउंडवार मतगणना आगे बढ़ेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों के रुझान भी स्पष्ट होते जाएंगे। सभी आधिकारिक परिणामों की घोषणा आज देर शाम या रात तक किए जाने की संभावना है।
