Home Poltical यूपी में मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी आज, 2.89 करोड़ नाम हटे,...

यूपी में मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी आज, 2.89 करोड़ नाम हटे, 6 फरवरी तक दावे-आपत्तियां

0

 

यूपी में मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी आज, 2.89 करोड़ नाम हटे, 6 फरवरी तक दावे-आपत्तियां

रिपोर्ट /सत्य प्रकाश 

खबर:

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए चुनाव आयोग मंगलवार को बड़ा कदम उठाने जा रहा है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत राज्य की कच्ची (ड्राफ्ट) मतदाता सूची जारी की जाएगी। इस ड्राफ्ट सूची में कुल 12 करोड़ 55 लाख मतदाता शामिल होंगे।

चुनाव आयोग ने इस प्रक्रिया के दौरान 2 करोड़ 89 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए हैं। हटाए गए नामों में 1.26 करोड़ स्थायी रूप से स्थानांतरित, 46 लाख मृत, 23.70 लाख डुप्लीकेट, 83.73 लाख अनुपस्थित और 9.57 लाख अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। सभी जिलों में ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सोमवार को एक उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध व त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक कदम सुनिश्चित किए जाएं।

चुनाव आयोग के अनुसार, मंगलवार से 6 फरवरी तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का 27 फरवरी तक निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 6 मार्च को अंतिम और संशोधित मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

राहत की बात यह है कि प्रदेश में 91 प्रतिशत मतदाताओं का मिलान वर्ष 2003 की मतदाता सूची से हो चुका है। ऐसे मतदाताओं से नाम बनाए रखने के लिए किसी अतिरिक्त दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी।

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने 27 अक्टूबर को एसआईआर कराने की घोषणा की थी। इसके बाद 30 नवंबर और 11 दिसंबर को संशोधित कार्यक्रम जारी किए गए। मंगलवार को आयोग ने तीसरी बार एसआईआर की समय-सीमा बढ़ाई है। यह पूरी प्रक्रिया अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version