बरेली में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 6 अफीम तस्कर गिरफ्तार,
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/हैदर अली
20 लाख की अफीम बरामद झारखंड से दिल्ली-एनसीआर तक फैला नेटवर्क बेनकाब
बरेली। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने शनिवार देर रात अफीम तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने उनके कब्जे से 4.131 किलो अवैध अफीम, दो कारें, छह मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी जा रही है।
एसटीएफ को पिछले कई दिनों से झारखंड और उत्तर भारत के बीच चल रही अफीम सप्लाई चेन की सूचना मिल रही थी। एएसपी अब्दुल कादिर के नेतृत्व में एसटीएफ फील्ड यूनिट बरेली की टीम ने शनिवार रात कैण्ट से बरेली जंक्शन जाने वाले मार्ग पर विजय द्वार के पास घेराबंदी की। इसी दौरान कार में सवार छह तस्करों को दबोच लिया गया।
पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों चन्दन यादव और मंटू कुमार (दोनों झारखंड निवासी) ने पूछताछ में बताया कि वे रांची के रहने वाले सुदेश यादव से अफीम लेकर बरेली में तय स्थानों पर पहुंचाते थे। खरीदार रकम सीधे सुदेश के खाते में ऑनलाइन भेजते थे। वहीं, तेजराम, शेर सिंह और अंकित सिंह ने बताया कि वे सुदेश से माल लेकर दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और बरेली तक सप्लाई करते हैं। तस्करों ने बताया कि कैण्ट इलाका उन्हें सुरक्षित लगता था क्योंकि रात में वहां पुलिस की आवाजाही कम रहती है।
झारखंड से जुड़ा बरेली का स्थानीय नेटवर्क
गिरफ्तार तस्करों में तेजराम (30), अंकित सिंह (27) और शेर सिंह (33) बरेली के आंवला क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि चन्दन यादव (21) चतरा, मंटू कुमार (19) हजारीबाग (झारखंड) और राजकुमार उर्फ देवांश वर्मा (22) सुभाषनगर, बरेली का रहने वाला है।
एसटीएफ टीम की सराहनीय भूमिका
इस ऑपरेशन में उपनिरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में गिरिजेश पोसवाल, रामजी लाल, शिवओम पाठक, संजय यादव, कुलदीप, अरुण कुमार, कुशांक और सुनित शामिल रहे। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ थाना कैण्ट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसटीएफ अब झारखंड से लेकर बरेली तक फैले इस अफीम तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह के मास्टरमाइंड सुदेश यादव तक भी पहुंच बनाई जाएगी।


