Monday, May 25, 2026
Google search engine
HomePolticalबरेली में जुमा को लेकर अलर्ट: दो दिन के लिए इंटरनेट सेवा...

बरेली में जुमा को लेकर अलर्ट: दो दिन के लिए इंटरनेट सेवा बंद, दशहरा व नमाज को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

बरेली में जुमा को लेकर अलर्ट: दो दिन के लिए इंटरनेट सेवा बंद, दशहरा व नमाज को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

फिरोज खान भास्कर टुडे
ब्यूरो रिपोर्ट-रफत आलम

बरेली। 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद अब बरेली प्रशासन फिर से अलर्ट मोड पर है। दशहरा और जुमे की नमाज को देखते हुए जिले में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। हालात सामान्य रहने के बावजूद एहतियातन गुरुवार दोपहर तीन बजे से शनिवार दोपहर तीन बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। इस दौरान न तो मोबाइल इंटरनेट चलेगा और न ही एसएमएस सुविधा उपलब्ध होगी। बीएसएनएल के जीएम पंकज पोरवाल ने इसकी पुष्टि की है।

इंटरनेट बंद, लोगों में खलबली

गुरुवार को इंटरनेट सेवा बंद होने की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में खलबली मच गई। लोग आदेश की कॉपी एक-दूसरे को भेजते रहे और परिचितों से इसकी पुष्टि करते दिखे। इंटरनेट बंद होने से विद्यार्थियों, कारोबारियों और आम लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि पिछले शुक्रवार को बरेली में हुए बवाल के बाद भी दो दिन तक इंटरनेट बंद रहा था।

सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

शहर में दशहरा और जुमे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। पुलिस अफसर लगातार शहर में भ्रमण कर हालात का जायज़ा ले रहे हैं। गुरुवार को एसपी साउथ अंशिका वर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया।

महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस करते हुए महिला एसओजी की वीरांगना यूनिट और महिला क्यूआरटी की छह टीमें तैनात की गई हैं। प्रत्येक टीम में 30-35 कर्मी मौजूद हैं। पुलिस कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नज़र रखी जा रही है और जहां भी भीड़ इकट्ठा होगी, तत्काल बल को तैनात करने का निर्देश जारी किया जाएगा।

हालात सामान्य लेकिन सतर्कता बरकरार

फिलहाल शहर में बाजार और गलियां सामान्य दिनों की तरह चहल-पहल से भरी हुई हैं। लेकिन पुलिस और प्रशासन किसी भी लापरवाही के मूड में नहीं है। दशहरा और जुमा एक साथ आने से सुरक्षा और खुफिया तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

➡ दो दिन इंटरनेट सेवा बंद
➡ संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च
➡ महिला क्यूआरटी और एसओजी की तैनाती
➡ एसएमएस सेवा भी बंद रहेगी

प्रशासन का साफ संदेश है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments