बरेली में ट्रांसफार्मर बना खतरा, करंट की चपेट में आए दो बेजुबान जानवर
मेंटल अस्पताल रोड पर हादसा, आग लगने के बाद फैला करंट; लोगों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली के श्यामगंज क्षेत्र में स्थित मेंटल अस्पताल रोड पर एक लापरवाही भरा हादसा सामने आया, जहां एक ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद करंट फैल गया और उसकी चपेट में आने से दो कुत्तों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों जानवर ट्रांसफार्मर के नीचे बैठे हुए थे, तभी यह हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके साथ ही बिजली विभाग ने भी मौके पर पहुंचकर बिजली आपूर्ति बंद की और तकनीकी जांच शुरू की।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि खुले और असुरक्षित ट्रांसफार्मर किसी भी समय इंसानों के लिए भी खतरा बन सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया जाए और नियमित जांच की जाए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।


