बरेली में नशा तस्करों पर कसा शिकंजा, 18 मामलों में कार्रवाई; संयुक्त अभियान से मचा हड़कंप
रिपोर्ट /राजेश सिंह
बरेली, उत्तर प्रदेश। जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बरेली में चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस, आबकारी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग, छापेमारी और संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। अब तक नारकोटिक्स से जुड़े 18 मामलों में मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। इन कार्रवाइयों में कई आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ स्मैक, गांजा और अवैध शराब की बड़ी मात्रा बरामद की गई है।
प्रशासन का कहना है कि यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास है। थाना स्तर पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है, वहीं आबकारी विभाग अवैध शराब के निर्माण और बिक्री स्थलों पर पैनी नजर रखे हुए है। ग्रामीण इलाकों और संदिग्ध गोदामों की निगरानी के लिए राजस्व विभाग की टीमें भी सक्रिय हैं।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि अवैध शराब या नशे से संबंधित कोई भी सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। प्रशासन का दावा है कि लगातार सख्ती से जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा और कानून व्यवस्था और मजबूत बनेगी।
