Home Uttar Pradesh बरेली में रिश्तों का दर्दनाक अंत: एक घर में हत्या का खुलासा,...

बरेली में रिश्तों का दर्दनाक अंत: एक घर में हत्या का खुलासा, दूसरे में महिला ने खुद तोड़ी सांसों की डोर

0
Oplus_0

 

बरेली में रिश्तों का दर्दनाक अंत: एक घर में हत्या का खुलासा, दूसरे में महिला ने खुद तोड़ी सांसों की डोर

रिपोर्ट/राजेश सिंह 

बरेली। जिले में सोमवार को सामने आए दंपती विवादों से जुड़े दो मामलों ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक ओर युवक की संदिग्ध मौत ने हत्या का रूप ले लिया, तो दूसरी ओर पारिवारिक कलह ने एक महिला की जान ले ली।

इज्जतनगर में आत्महत्या नहीं, हत्या निकली युवक की मौत

इज्जतनगर थाना क्षेत्र की गिरजाशंकर कॉलोनी में 33 वर्षीय जितेंद्र का शव सुबह कमरे में फंदे से लटका मिला। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या माना गया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लेकिन शाम को आई रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया। पोस्टमार्टम में जितेंद्र की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया।

मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी ज्योति प्रजापति पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दंपती के बीच तनाव बना रहता था और जितेंद्र को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उल्लेखनीय है कि दोनों का प्रेम विवाह 25 नवंबर 2025 को हुआ था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बारादरी में पति से झगड़े के बाद महिला ने उठा लिया आत्मघाती कदम

दूसरा मामला थाना बारादरी क्षेत्र के चक अब्बास नगर का है। यहां किराये के मकान में रह रही 30 वर्षीय मुस्कान ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। बताया गया कि किसी बात को लेकर उसका पति शारिक से विवाद हुआ था, जिसके बाद शारिक घर से बाहर चला गया। रात के समय मुस्कान ने छत पर कुंडे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना में फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई आरोप सामने नहीं आया है।

पुलिस दोनों ही मामलों में हर पहलू की जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version