
बरेली में लापता विवाहित महिला को लेकर जिम में बवाल,
फिरोज खान/यूपी हेड
रिपोर्ट/राजेश सिंह
मुस्लिम युवक और हिंदू विवाहित होने के कारण हिंदू संगठनों ने किया जमकर हंगामा
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कर्मचारी नगर स्थित एक जिम में गुरुवार को तब बवाल मच गया, जब दिल्ली से पांच दिन से गायब एक विवाहित महिला के परिजन उसकी तलाश में जिम पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि महिला को दिल्ली से कार में बैठाकर बरेली लाया गया है। महिला के पति ने इसकी शिकायत दिल्ली के थाने में दर्ज कराई है।
महिला की तलाश उस समय तेज हुई जब उसके जन्मदिन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में बरेली के दो युवक नज़र आए जिनको मुस्लिम समुदाय से होने का दावा किया जा रहा है, जिसके बाद परिवार को शक हुआ कि उसे योजनाबद्ध तरीके से दिल्ली से बरेली लाया गया है। परिजनों के अनुसार महिला का एक 5 साल का बेटा है, जो मां के गायब होने से परेशान है।
गुरुवार को महिला का भाई जब जिम में जानकारी लेने पहुंचा तो जिम स्टाफ से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जिम के अंदर युवक के साथ मारपीट की गई।
सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता जिम पहुंच गए और महिला की बरामदगी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। तनाव बढ़ता देख एसपी सिटी एवं सीओ मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि जिम मालिक मुस्लिम है जिसको पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जबकि महिला की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।