बरेली में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष पवन वर्मा कल कराएंगे बड़े नेताओं की जॉइनिंग
रोटरी भवन में होगा कार्यक्रम, फरीदपुर विधानसभा के प्रमुख दावेदार भी थामेंगे पार्टी का दामन
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) संगठन विस्तार और मजबूत जनाधार तैयार करने में जुट गई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार वर्मा मंगलवार 26 मई को बरेली पहुंचेंगे, जहां वह शहर के कई प्रमुख चेहरों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे।
यह कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे रोटरी भवन, निकट चौपला चौराहा में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। बताया जा रहा है कि 122 विधानसभा फरीदपुर के एक प्रमुख दावेदार भी इस दौरान लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में शामिल होंगे, जिससे जिले की राजनीति में नई हलचल तेज हो सकती है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार बिहार के बाद अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी पार्टी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान लगातार यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सक्रिय हैं और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं।
प्रदेश नेतृत्व द्वारा बरेली को संगठन विस्तार के लिहाज से अहम माना जा रहा है। यही वजह है कि पार्टी यहां मजबूत विधानसभा प्रत्याशियों की तलाश और नए सामाजिक समीकरण तैयार करने में जुटी हुई है। कार्यक्रम के दौरान संगठन को और विस्तार देने तथा आगामी चुनावी रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।


