Sunday, April 19, 2026
Google search engine
HomePolticalबरेली: रसूख का साम्राज्य ढहा अवैध निर्माण पर दूसरे दिन भी गरजा...

बरेली: रसूख का साम्राज्य ढहा अवैध निर्माण पर दूसरे दिन भी गरजा बुलडोजर, करोड़ों की संपत्ति मलबे में तब्दील

बरेली: रसूख का साम्राज्य ढहा अवैध निर्माण पर दूसरे दिन भी गरजा बुलडोजर, करोड़ों की संपत्ति मलबे में तब्दील

फिरोज खान/यूपी हेड

ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह

बरेली। अवैध निर्माण के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बीडीए (बरेली विकास प्राधिकरण) ने कॉलोनाइज़र मोहम्मद आरिफ की संपत्तियों पर लगातार दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई की। शनिवार को जगतपुर स्थित दो मंजिला मार्केट को ध्वस्त करने के बाद रविवार सुबह पीलीभीत बाईपास पर बने शोरूम को गिराने की कार्रवाई फिर से शुरू कर दी गई।

रविवार सुबह 10:30 बजे फिर शुरू हुआ ऑपरेशन

शनिवार देर रात तक कार्रवाई जारी रही, लेकिन शोरूम की मजबूत संरचना, जटिल डिजाइन और अंधेरे के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा। पूरे परिसर को रातभर पुलिस सुरक्षा में घेरकर रखा गया।
रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे बीडीए की टीम जेसीबी और भारी मशीनरी के साथ दोबारा मौके पर पहुंची। पहली ही चोट के साथ पूरे इलाके में तेज गड़गड़ाहट गूंज उठी और शोरूम का हिस्सा ढहने लगा।

मौके पर बारादरी, इज्जतनगर समेत कई थानों की फोर्स तैनात रही। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।

बिना नक्शा पास कराए खड़ी की थीं इमारतें

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन के मुताबिक, मोहम्मद आरिफ ने बिना मानचित्र स्वीकृति के जगतपुर में दो मंजिला मार्केट और पीलीभीत बाईपास पर कपड़ों का शोरूम खड़ा कर लिया था।
मार्केट में जिम, होम डेकोर सेंटर और कई दुकानें संचालित हो रही थीं। जांच में पूरा निर्माण अवैध पाए जाने के बाद 11 अक्टूबर को दोनों परिसरों को सील कर दिया गया था।

मजबूत संरचना बनी कार्रवाई में चुनौती

फ्लोरा गार्डन के पास बने अवैध शोरूम की इमारत बेहद मजबूत थी। शनिवार दोपहर शुरू हुई कार्रवाई देर रात तक चलती रही, लेकिन पूरी तरह ध्वस्तीकरण संभव नहीं हो सका। रविवार को अतिरिक्त मशीनरी लगाकर कार्रवाई दोबारा शुरू की गई।

करोड़ों की अवैध संपत्ति पलभर में मलबा

दो दिनों से जारी इस अभियान में करोड़ों की अवैध संपत्तियाँ ढहाकर बीडीए ने साफ संदेश दिया है कि बिना स्वीकृति के किए गए निर्माण किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे—चाहे निर्माणकर्ता कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments