JPS स्कूल के पास युवक पर हमला, लोहे की रॉड से मारकर किया घायल
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। शहर के एक निजी कार्यालय के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ युवकों ने एक व्यक्ति पर अचानक हमला कर दिया। घटना 16 अप्रैल की बताई जा रही है, जहां JPS स्कूल के पास स्थित एक ऑफिस के बाहर आरोपी युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की।
पीड़ित के अनुसार, वह अपने कार्यालय में मौजूद था और जैसे ही बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे एक युवक ने अपने साथियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से खून बहने लगा।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पीड़ित के पास घटना का वीडियो भी मौजूद है।
पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


