बरेली सपा महानगर अध्यक्ष का भाई निकला बिजली चोर फर्जी मीटर लगाकर चोरी कर रहा था
रिपोर्ट- कार्यालय संवाददाता
बरेली। बुधवार सुबह बिजली विभाग ने चोरी करने वालों पर कड़ा शिकंजा कसते हुए बरेली शहर और देहात के कई इलाकों में तड़के सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान फर्जी मीटर लगाकर बिजली चोरी करने वाले 110 लोग रंगेहाथ पकड़ लिए गए। कार्रवाई के दौरान समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष के भाई और स्वाले नगर के पार्षद अलीम खान सुल्तानी भी फर्जी मीटर से बिजली चोरी करते पकड़े गए। विभाग ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अभियान सुबह छह बजे अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) और (नगरीय) के नेतृत्व में शुरू हुआ। 17 टीमों ने एक साथ नकटिया, नवाबगंज, आंवला, बहेड़ी और बरेली शहर के चोरी बाहुल्य इलाकों थाना प्रेमनगर स्वाले नगर, बानखाना,थाना क़िला केलाबाग, लीचीबाग,थाना बरादारी जगतपुर, एजाजनगर की गोटिया, चकमहमूद, कुतुबखाना, शाहदाना, नवादा शेखान,कोतवाली मठकी चौकी, किला और घोसियानी मस्जिद में छापेमारी की।
लगभग 676 कनेक्शन की जांच में 110 पर बिजली चोरी का मामला पकड़ा गया। सभी के कनेक्शन काट दिए गए और करीब 65 लाख रुपये का राजस्व निर्धारण किया गया। सभी मामलों में विद्युत अधिनियम की धारा 135 और 138(बी) के तहत थानों में मुकदमे दर्ज किए गए।
कार्रवाई में अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, एक इंस्पेक्टर, सात सब इंस्पेक्टर, 34 पुलिसकर्मी और प्रवर्तन दल के सदस्य शामिल रहे।
मुख्य अभियंता (वितरण) ज्ञान प्रकाश ने बताया कि यह अभियान जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य के सहयोग से चलाया गया। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे छापे लगातार जारी रहेंगे ताकि बिजली चोरी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।


