बाराबंकी में दिनदहाड़े गोलियों की गूंज: मुख्तार के करीबी अधिवक्ता की सरेआम हत्या
रिपोर्ट /राजेश सिंह
बाराबंकी। जिले में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर स्थित असेनी मोड़ के पास अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर अधिवक्ता शोएब किदवई उर्फ बॉबी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के करीबी माने जाते थे और इलाके में ‘शार्प शूटर’ के रूप में भी चर्चित रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लखनऊ की ओर से आ रही एक बलिनो कार को बदमाशों ने अचानक घेर लिया और उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। करीब 15 राउंड फायरिंग से हाईवे दहल उठा। गोलियों की आवाज से आसपास अफरा-तफरी मच गई और यातायात कुछ देर के लिए थम गया।
सूत्रों के अनुसार, हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस ने पांच से अधिक खोखे बरामद किए हैं। अधिवक्ता शोएब किदवई को कई गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कार के शीशे टूटे मिले और वाहन खून से लथपथ अवस्था में पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए।
दिनदहाड़े व्यस्त हाईवे पर हुई इस दुस्साहसिक हत्या ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गहन तफ्तीश कर रही है।
फिलहाल पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है।