Saturday, June 6, 2026
Google search engine
HomeBareillyबिजली चोरों पर तड़के छापा: 52 के खिलाफ मुकदमा, 85 बकायेदारों के...

बिजली चोरों पर तड़के छापा: 52 के खिलाफ मुकदमा, 85 बकायेदारों के कटे कनेक्शन

बिजली चोरों पर तड़के छापा: 52 के खिलाफ मुकदमा, 85 बकायेदारों के कटे कनेक्शन

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली। बिजली चोरी और बढ़ते लाइन लॉस पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग ने तड़के विशेष जांच अभियान चलाया। सुबह-सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई से कई इलाकों में हड़कंप मच गया। विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बिजली कनेक्शनों की सघन जांच की और अनियमितताएं मिलने पर तत्काल कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कुल 513 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई। जांच में 52 उपभोक्ता बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए, जो सीधे लाइन से बिजली लेने या अन्य अवैध तरीकों से बिजली का उपयोग कर रहे थे। विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कराए हैं। इन मामलों को आरएमएस पोर्टल पर भी अपलोड किया जा रहा है, ताकि कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

अभियान के दौरान उन उपभोक्ताओं पर भी कार्रवाई की गई, जिन्होंने लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं किया था। विभाग ने 85 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काट दिए और चेतावनी दी कि बकाया भुगतान किए बिना दोबारा बिजली का उपयोग करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य अभियंता ने कहा कि बिजली चोरी का असर केवल विभाग की आय पर ही नहीं पड़ता, बल्कि इसका खामियाजा ईमानदार उपभोक्ताओं को भी भुगतना पड़ता है। अवैध बिजली उपयोग से ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त भार बढ़ता है, जिससे वोल्टेज की समस्या, बार-बार फॉल्ट और बिजली आपूर्ति में बाधा जैसी परेशानियां पैदा होती हैं।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली का वैध उपयोग करें और समय पर बिल जमा कर विभाग का सहयोग करें, ताकि सभी को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments