भाजपा नेता के मौसेरे भाई पर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप, आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने दर्ज कराई FIR
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
फतेहगंज पूर्वी। क्षेत्र की एक आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने फरीदपुर के एक युवक पर दुष्कर्म और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाते हुए शुक्रवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मामले में आरोपी का एक भाजपा नेता से नजदीकी रिश्तेदारी होना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने तहरीर में बताया कि अगस्त महीने में जब वह बरेली से लौट रही थी, तभी उसकी सहेली ने उसे फरीदपुर स्थित अपने घर बुला लिया।
रात में उसकी सहेली का परिचित युवक अमित वहां पहुंचा और उसके सोते समय दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान उसका वीडियो बना लिया और बाद में उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
पीड़िता के मुताबिक, 10 अक्टूबर को आरोपी उसके फतेहगंज पूर्वी स्थित घर पर पहुंचा और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोबारा दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी को एक भाजपा नेता से राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी भाजपा नेता का मौसेरा भाई है, इसलिए पूरे मामले में दबाव बनाने की कोशिशें हो रही हैं।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है। सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए हैं और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह का राजनीतिक दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


