Home Uttar Pradesh मामूली विवाद में छात्र की हत्या, दोस्तों ने चाकुओं से किया हमला;...

मामूली विवाद में छात्र की हत्या, दोस्तों ने चाकुओं से किया हमला; 17 वर्षीय शिवा की इलाज के दौरान मौत

0

मामूली विवाद में छात्र की हत्या, दोस्तों ने चाकुओं से किया हमला; 17 वर्षीय शिवा की इलाज के दौरान मौत

 

इज्जतनगर के चार खंभा इलाके में वारदात, पांच नामजद समेत आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज; दो आरोपी हिरासत में

रिपोर्ट/राजेश सिंह 

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने एक छात्र की जान ले ली। इंटर के 17 वर्षीय छात्र शिवा पटेल की उसके ही दोस्तों द्वारा चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल शिवा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां ऑपरेशन के बावजूद शनिवार तड़के उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, इज्जतनगर की सैनिक कॉलोनी निवासी शिवा पटेल को शुक्रवार शाम उसका परिचित मानव राजपूत घर से बुलाकर संजयनगर के चार खंभा इलाके में ले गया। बताया जाता है कि वहां पहले से ही कुछ युवक मौजूद थे। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर गौरव, कृष्णा, पारस और रचित समेत अन्य युवकों ने शिवा को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल शिवा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शिवा को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत ऑपरेशन किया, लेकिन उसके शरीर में गहरे घाव होने के कारण हालत लगातार नाजुक बनी रही। आखिरकार शनिवार सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान शिवा ने दम तोड़ दिया।

छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सैनिक कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में इस घटना के बाद लोगों में भय और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।

पुलिस ने मृतक के पिता केहरी सिंह की तहरीर के आधार पर पांच नामजद समेत आठ आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version