मुख्यमंत्री ने एक क्लिक से जारी की फसल बीमा क्षतिपूर्ति राशि
रिपोर्ट/सत्य प्रकाश
बरेली। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी के करकमलों से कृषि विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा राजस्व/आपदा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न बीमा योजनाओं के लाभार्थी किसानों को एक क्लिक प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्रणाली के माध्यम से क्षतिपूर्ति राशि वितरित की गई। इस अवसर पर आयोजित समारोह का सजीव प्रसारण स्थानीय स्तर पर भी किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय सांसद श्री छत्रपाल सिंह गंगवार ने की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और प्राकृतिक आपदाओं से हुई फसल क्षति की भरपाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्रणाली के माध्यम से राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पंजीकृत किसानों को उनकी फसल हानि के आकलन के आधार पर क्षतिपूर्ति दी जा रही है। राजस्व एवं आपदा विभाग की योजनाओं के अंतर्गत भी पात्र किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने समय पर सहायता मिलने पर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।


