मुरादाबाद में रंगदारी गैंग का भंडाफोड़: तमंचे के बल पर 50 हजार मांगने वाले दो यूट्यूबर गिरफ्तार
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
व्यापारी से धमकाकर 3 हजार लूटे, कोर्ट ने भेजा जेल; सोशल मीडिया पर भी कर रहे थे बदनाम
मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में व्यापारी से रंगदारी मांगने वाले दो यूट्यूबरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। दोनों आरोपी कई दिनों से व्यापारी को धमका रहे थे और सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां भी कर रहे थे।
सोमवार शाम दोनों ने हथियार के बल पर 50 हजार रुपये की मांग की और जेब से 3 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया।
घटना इस्लामनगर निवासी पीतल कारोबारी अय्यूब खान के साथ हुई। अय्यूब ने बताया कि सोमवार शाम वह पंडित नगला होते हुए घर लौट रहे थे। रास्ते में यूट्यूबर आलम अंसारी और उसका साथी बाबू केसर अचानक सामने आ गए।
आरोप है कि आलम ने अय्यूब के सीने पर तमंचा लगा दिया और 50 हजार रुपये की रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान दोनों ने पीड़ित की जेब से 3 हजार रुपये भी निकाल लिए और बाकी रकम जल्द देने का दबाव बनाते रहे।
अय्यूब खान ने रात में ही कटघर थाने पहुंचकर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी तलाशी में लूटे गए 3 हजार में से 2600 रुपये बरामद कर लिए गए हैं।
मंगलवार शाम पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपियों की सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य शिकायतों की भी जांच कर रही है।
यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी खुद को यूट्यूबर बताकर लोगों को धमकाते थे और वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देते थे। पुलिस का कहना है कि ऐसे धमकाने वाले गैंग पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
