मुहर्रम से पहले बरेली पुलिस में बड़ा फेरबदल, SSP अनुराग आर्य ने 46 अधिकारियों के किए तबादले
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली। मुहर्रम के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बरेली अनुराग आर्य ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। SSP ने दो निरीक्षकों और 44 उपनिरीक्षकों समेत कुल 46 पुलिस अधिकारियों के तबादले कर तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक बदलाव को आगामी त्योहारों और अपराध नियंत्रण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आदेश के तहत निरीक्षक अजीत सिंह को रिजर्व पुलिस लाइंस से थाना शीशगढ़ में निरीक्षक अपराध बनाया गया है, जबकि निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह को रिजर्व पुलिस लाइंस से थाना प्रेमनगर में निरीक्षक अपराध की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा बड़ी संख्या में उपनिरीक्षकों को विभिन्न थानों और चौकियों में स्थानांतरित किया गया है। कई चौकी प्रभारी बदले गए हैं तो वहीं रिजर्व पुलिस लाइंस में तैनात दारोगाओं को फील्ड में भेजा गया है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि नई तैनातियों से थानों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत होगी।
फेरबदल के दौरान कैंट, कोतवाली, प्रेमनगर, सुभाषनगर, शीशगढ़, बहेड़ी, नवाबगंज, फरीदपुर, बारादरी, आंवला, मीरगंज, देवरनियां और बिथरी चैनपुर समेत कई थानों में तैनाती बदली गई है। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी में भी नई तैनाती की गई है।
SSP अनुराग आर्य ने कहा कि यह स्थानांतरण जनहित, प्रशासनिक आवश्यकता, रिक्त पदों की पूर्ति तथा पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। नई तैनातियों से अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की निगरानी और जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण में मदद मिलेगी।
पुलिस महकमे में हुए इस बड़े फेरबदल को आगामी त्योहारों और संवेदनशील आयोजनों को देखते हुए रणनीतिक कदम माना जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि इससे पुलिसिंग और अधिक प्रभावी होगी तथा आम जनता को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था मिल सकेगी।


