मोहर्रम पर बरेली में ट्रैफिक अलर्ट: भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन, कई मार्ग रहेंगे बंद
सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक लागू रहेगी नई यातायात व्यवस्था, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। मोहर्रम के अवसर पर शुक्रवार को निकलने वाले जुलूसों और संभावित भीड़ को देखते हुए बरेली ट्रैफिक पुलिस ने शहर में व्यापक डायवर्जन योजना लागू की है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, जबकि अन्य वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से संचालित किया जाएगा।
एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने बताया कि मोहर्रम के जुलूसों को देखते हुए शहर के संवेदनशील और व्यस्त इलाकों में विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।
झुमका तिराहे से मिनी बाईपास मार्ग रहेगा बंद
मोहर्रम के दौरान झुमका तिराहे से मिनी बाईपास की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की ओर आने-जाने वाले वाहनों को ट्यूलिया अंडरपास मार्ग से गुजरना होगा।
दिल्ली-मुरादाबाद से आने वाले वाहनों के लिए बदला रूट
दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की दिशा से बरेली में प्रवेश करने वाले वाहनों को बिल्वा पुल, इज्जतनगर, डेलापीर, विलयधाम और बैरियर-2 होकर शहर में प्रवेश करना होगा। इसी तरह बरेली से दिल्ली, नैनीताल, पीलीभीत और शाहजहांपुर की ओर जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग का उपयोग करेंगे।
सेटेलाइट बस स्टेशन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
इन्वर्टिस तिराहे से सेटेलाइट बस स्टेशन की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी। बसों और अन्य वाहनों को इन्वर्टिस से विलयधाम और बैरियर-2 होते हुए सेटेलाइट बस स्टेशन तक भेजा जाएगा।
रेलवे स्टेशन जाने वालों को अपनाना होगा नया रास्ता
सेटेलाइट बस स्टेशन से इसाइयों की पुलिया, मालियों की पुलिया और बियावान कोठी की ओर यातायात बंद रहेगा। रेलवे स्टेशन और गांधी उद्यान जाने वाले लोगों को सौ फुटा रोड, डेलापीर और श्यामतगंज पुल होकर यात्रा करनी होगी।
इज्जतनगर से किला क्षेत्र तक नो-एंट्री
इज्जतनगर तिराहे से कुदेशिया पुल, महादेव पुल और किला क्षेत्र की ओर सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इज्जतनगर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को डेलापीर और गांधी उद्यान मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
बदायूं रूट पर भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन
बरेली से बदायूं जाने वाले भारी वाहन डेलापीर, विलयधाम, फरीदपुर और बुखारा मोड़ होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं बदायूं से आने वाले भारी वाहनों को भी बुखारा मोड़ और फरीदपुर मार्ग से हाईवे तक भेजा जाएगा। बुखारा मोड़ से बरेली शहर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
नागरिकों से सहयोग की अपील
एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने बताया कि रेलवे स्टेशन, चौकी चौराहा, गांधी उद्यान, डेलापीर, बैरियर-2 और विलयधाम मार्ग सामान्य रूप से संचालित रहेंगे। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से बचने की अपील की, ताकि मोहर्रम के दौरान व्यवस्था सुचारु बनी रहे।


