यूपीएससी 2025 में बरेली के तीन युवाओं का कमाल, सुरभि यादव ने हासिल की 14वीं रैंक
उत्कर्ष मिश्रा 337वीं और मिनहाज शकील 513वीं रैंक के साथ सिविल सेवा में चयनित, जिले में खुशी की लहर
रिपोर्ट/सत्य प्रकाश
बरेली। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में बरेली के तीन होनहार युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। बजरंग एन्क्लेव की रहने वाली सुरभि यादव ने अखिल भारतीय स्तर पर 14वीं रैंक प्राप्त की है, जबकि जीजीआईसी रोड निवासी उत्कर्ष मिश्रा ने 337वीं और रिछा के मिनहाज शकील ने 513वीं रैंक हासिल कर सिविल सेवा में अपना स्थान बनाया है। तीनों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है और परिजनों व शुभचिंतकों में उत्साह देखा जा रहा है।
सुरभि यादव ने अपने चौथे प्रयास में यह बड़ी सफलता हासिल की है। 25 वर्षीय सुरभि वर्तमान में दिल्ली में केंद्र सरकार के माय भारत कार्यक्रम में उपनिदेशक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने जनवरी 2026 में इस पद पर ज्वाइन किया था। सुरभि की प्रारंभिक शिक्षा अलग-अलग स्कूलों में हुई और बचपन से ही उनका सपना आईएएस बनने का था। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने ग्यारहवीं में मानविकी विषय चुना और बाद में दिल्ली से इतिहास ऑनर्स में स्नातक किया। सिविल सेवा की तैयारी के लिए उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया के कोचिंग कार्यक्रम से भी मार्गदर्शन लिया।
सुरभि बताती हैं कि 2024 में उनका प्रीलिम्स भी क्लियर नहीं हुआ था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी। आखिरकार चौथे प्रयास में उन्हें यह सफलता मिली। उन्होंने कहा कि तैयारी के दौरान समय नहीं बल्कि लक्ष्य पर ध्यान देना जरूरी होता है।
वहीं, जीजीआईसी रोड स्थित होलिका मंदिर के पास रहने वाले उत्कर्ष मिश्रा ने भी अपनी मेहनत से यूपीएससी परीक्षा में 337वीं रैंक हासिल की। यह उनका पांचवां प्रयास था और वह अपने परिवार में सिविल सेवा में चयनित होने वाले पहले सदस्य बने हैं। उत्कर्ष ने आईआईटी कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और इसके बाद इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन में नौकरी करते हुए करीब 19 लाख रुपये सालाना पैकेज पा रहे थे।
नौकरी के दौरान उन्हें मुंबई और हैदराबाद में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ काम करने का अवसर मिला, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने समाज के लिए सीधे काम करने का निर्णय लिया। वर्ष 2021 में उन्होंने नौकरी छोड़कर पूरी तरह से यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी। चार बार असफलता मिलने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और पांचवें प्रयास में सफलता प्राप्त कर ली।
रिछा क्षेत्र के मिनहाज शकील ने भी 513वीं रैंक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। तीनों अभ्यर्थियों की सफलता से बरेली में खुशी और गर्व का माहौल है तथा लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
