Home Poltical योगी सरकार का ऐतिहासिक कदम हार्ट अटैक मरीजों के लिए बड़ा फैसला:

योगी सरकार का ऐतिहासिक कदम हार्ट अटैक मरीजों के लिए बड़ा फैसला:

0

योगी सरकार का ऐतिहासिक कदम हार्ट अटैक मरीजों के लिए बड़ा फैसला:

फिरोज खान/यूपी हेड
रिपोर्ट/राजेश सिंह

यूपी सरकार सभी अस्पतालों में 40–50 हजार वाला लाइफ-सेविंग इंजेक्शन देगी मुफ्त, गोल्डन आवर में मिलेगी तुरंत राहत

लखनऊ। हार्ट अटैक के मामलों में तेजी से बढ़ रहे खतरे को देखते हुए यूपी शासन ने आम जनता के लिए एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। अब प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और प्रमुख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में हार्ट अटैक के लिए जीवनरक्षक इंजेक्शन टेनेक्टेप्लाज और स्ट्रेप्टोकाइनेज पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। बाजार में 40 से 50 हजार रुपये तक कीमत वाले ये इंजेक्शन अब हर मरीज को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त मिलेंगे।

गोल्डन आवर में मिलेगी तत्काल मदद

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि हार्ट अटैक के बाद शुरुआती एक घंटे (गोल्डन आवर) में तेज इलाज मिलने से मरीज की जान बचाने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसी कारण यूपी सरकार ने पूरे प्रदेश में ऐसे इंजेक्शन इमरजेंसी में हमेशा उपलब्ध रखने का निर्देश जारी किया है।

ये इंजेक्शन खून में बने थक्के को तुरंत घोलते हैं, जिससे ब्लॉकेज खुलता है और हार्ट को डैमेज होने से बचाया जा सकता है। अब मरीज इमरजेंसी में पहुंचते ही इंजेक्शन दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर उसे सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल—जैसे केजीएमयू, एसजीपीजीआई, बीएचयू, सैफई या अन्य बड़े संस्थानों—में रेफर किया जाएगा।

पहले सिर्फ बड़े अस्पतालों में थी सुविधा, अब पूरे यूपी में लागू

पहले यह सुविधा केवल चुनिंदा संस्थानों में उपलब्ध थी। हब एंड स्पोक मॉडल के जरिए इसे केजीएमयू लखनऊ, एसजीपीजीआई, लोहिया संस्थान, बीएचयू वाराणसी, सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी, एएमयू अलीगढ़ और एमएलएन मेडिकल कॉलेज प्रयागराज में लागू किया गया था।
अब इसे सभी जिला अस्पतालों और उन सीएचसी तक बढ़ा दिया गया है, जहां ईसीजी और इमरजेंसी जांच की सुविधा मौजूद है।

डॉक्टरों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने बताया कि सभी अस्पतालों को इंजेक्शन की अनिवार्य व्यवस्था रखने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

वहीं महानिदेशक प्रशिक्षण डॉ. पवन कुमार अरुण ने कहा कि आपातकालीन स्थिति में इंजेक्शन के उपयोग और हार्ट अटैक प्रबंधन को लेकर डॉक्टरों को विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा—इलाज की कमी किसी को नहीं होने देंगे

उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि चिकित्सा सुविधा हर मरीज तक समान रूप से पहुंचे। बाजार में 40–50 हजार रुपये की कीमत वाले इस इंजेक्शन को सरकारी अस्पतालों में पूरी तरह फ्री दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अन्य गंभीर बीमारियों के लिए भी अत्याधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जनता को मिलेगी बड़ी राहत, मौत का खतरा घटेगा

सरकार की यह पहल हार्ट अटैक के मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होगी। गोल्डन आवर में समय पर इंजेक्शन मिलने से मौत का जोखिम कम होगा और मरीजों को बेहतर उपचार का मौका मिलेगा।

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version