Home Uncategorized रामगंगा में डूबा गन्ने से भरा ट्रक, मौत को मात देकर बचा...

रामगंगा में डूबा गन्ने से भरा ट्रक, मौत को मात देकर बचा चालक; पूरी रात मंदिर में छिपकर बिताई

0

रामगंगा में डूबा गन्ने से भरा ट्रक, मौत को मात देकर बचा चालक; पूरी रात मंदिर में छिपकर बिताई

फिरोज खान/यूपी हेड
रिपोर्ट /राजेश सिंह

शाहजहांपुर। अल्हागंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। रामगंगा नदी के पुल की करीब दस मीटर रेलिंग तोड़कर गन्ने से भरा ट्रक नदी में जा गिरा। ट्रक रातभर नदी में डूबा रहा और उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस प्रशासन रातभर तलाश में जुटा रहा। बुधवार सुबह जब ट्रक चालक मौके पर पहुंचा और पूरी घटना बताई तो पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

दस मीटर रेलिंग तोड़कर नदी में समाया ट्रक

अल्हागंज क्षेत्र के हुल्लापुर गांव के आगे रामगंगा नदी पुल पर मंगलवार रात करीब 11 बजे अचानक तेज आवाज हुई। राहगीरों ने देखा कि पुल की लंबी रेलिंग टूटी पड़ी है। उन्हें वाहन के गिरने का अंदेशा हुआ और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम, सीओ जलालाबाद अजय राय और नायब तहसीलदार रोहित कटियार मौके पर पहुंचे। रातभर गहरे पानी और तेज बहाव में वाहन की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

सुबह पहुंचा ट्रक चालक, पुलिस भी रह गई दंग

बुधवार सुबह गोताखोरों की मदद से दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया। तभी वहां एक व्यक्ति पहुंचा और पुलिस से ट्रक के बारे में पूछने लगा। पूछताछ में पता चला कि वह ट्रक का चालक राजपाल है।

राजपाल ने बताया कि वह बदायूं से रूपापुर चीनी मिल गन्ना लेकर जा रहा था। तभी अचानक ट्रक का स्टेयरिंग फेल हो गया। वाहन अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे रामगंगा नदी में जा गिरा।

“तैरना नहीं आता… फिर भी बच गया”

राजपाल ने बताया“मैं तैरना नहीं जानता। ट्रक के साथ मैं भी नदी में गिर गया। किसी तरह ट्रक की खिड़की से बाहर निकला। गोते लगाते हुए जैसे-तैसे किनारे पहुंचा। तब जाकर जान में जान आई।”

हादसे के बाद वह डर के कारण पास में ही स्थित एक मंदिर पहुंच गया। वहां मौजूद साधु ने आग जलाई, जिससे वह ठंड से बच सका। राजपाल ने पूरी रात मंदिर में ही बिताई।

ट्रक अब तक नहीं मिला, गोताखोरों की तलाश जारी

अल्हागंज के कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेश राजपूत ने बताया कि नदी में गहराई और तेज बहाव के कारण ट्रक का पता नहीं चल पा रहा है। गोताखोरों को तलाश में लगाया गया है। बुधवार दोपहर तक भी ट्रक का कोई सुराग नहीं लग सका था।

हादसे ने उठाए सुरक्षा सवाल

पुल की रेलिंग टूटने और भारी वाहन के नदी में गिरने की घटना ने सड़क सुरक्षा और पुल की मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और ट्रक की तलाश जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version