रायबरेली मॉब लिंचिंग पीड़ित परिवार से मिले राहुल,बोले- ‘परिवार को डराया जा रहा, अपराधियों पर हो सख्त कार्रवाई’
फिरोज खान
फतेहपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को रायबरेली मॉब लिंचिंग में मारे गए दलित युवक हरिओम वाल्मीकि (पासवान) के परिवार से मिलने फतेहपुर पहुंचे। उन्होंने परिवार के माता-पिता, भाई और बहन से करीब 25 मिनट तक बातचीत की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। मुलाकात के दौरान भावुक माहौल रहा — हरिओम की मां और बहन फूट-फूटकर रो पड़ीं, तो राहुल गांधी ने उन्हें गले लगाकर सांत्वना दी।
राहुल ने कहा, “परिवार को घर में बंद कर रखा गया है, उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। आज सुबह सरकार ने इन्हें मुझसे न मिलने की धमकी दी। परिवार मुझसे मिले या न मिले, यह महत्वपूर्ण नहीं है, लेकिन जरूरी यह है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।”
राहुल ने मुख्यमंत्री से भी अपील की कि पीड़ित परिवार को न्याय और सम्मान मिले। उन्होंने कहा, “हम कांग्रेस पार्टी के स्तर पर हर संभव मदद करेंगे। जहां भी दलितों पर अत्याचार होगा, हम वहां मौजूद रहेंगे और न्याय के लिए लड़ेंगे।”
इससे पहले हरिओम के भाई शिवम ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि राहुल गांधी राजनीति करने न आएं, हम सरकार से संतुष्ट हैं। कांग्रेस ने इसे भाजपा के दबाव की साजिश बताया।
गौरतलब है कि 2 अक्टूबर को रायबरेली में चोरी के शक में हरिओम वाल्मीकि की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। बाद में एक वीडियो सामने आया, जिसमें मार खाते हुए हरिओम राहुल गांधी का नाम ले रहा था, जिस पर भीड़ में से एक व्यक्ति कहता है— “यहां सब बाबा वाले हैं।”
इधर, सरकार ने पीड़ित परिवार को मदद के रूप में हरिओम की बहन कुसुम को फतेहपुर मेडिकल कॉलेज में संविदा स्टाफ नर्स के पद पर नौकरी का जॉइनिंग लेटर दिया है। कुसुम ने कहा, “मुझे जॉइनिंग लेटर मिल गया है, मैं बहुत खुश हूं।”
👉 राहुल गांधी बोले – ‘हम न्याय के लिए लड़ते रहेंगे, किसी भी दलित परिवार को अकेला नहीं छोड़ेंगे।’


