Home Uttar Pradesh लखनऊ में सजेगा मीन महोत्सव: मत्स्य पालन को मिलेगी नई उड़ान

लखनऊ में सजेगा मीन महोत्सव: मत्स्य पालन को मिलेगी नई उड़ान

0

लखनऊ में सजेगा मीन महोत्सव: मत्स्य पालन को मिलेगी नई उड़ान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मत्स्य पालन को आधुनिक और लाभकारी व्यवसाय के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। 27 और 28 फरवरी को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में दो दिवसीय ‘मीन महोत्सव (एक्वा एक्सपो)’ का आयोजन किया जाएगा।

प्रदेश के मत्स्य विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री संजय कुमार निषाद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मत्स्य पालन को आधुनिक तकनीकों से जोड़ते हुए इसे अधिक लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाना है।

आधुनिक तकनीकों का होगा प्रदर्शन

महोत्सव में लगभग 50 प्रतिष्ठित कंपनियां अपने स्टॉल लगाएंगी। यहां फिश फीड, हैचरी तकनीक, प्रोसेसिंग यूनिट, आधुनिक उपकरण और एक्वा फार्मिंग से जुड़ी नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।

देश और प्रदेश के प्रख्यात मत्स्य वैज्ञानिक, विशेषज्ञ और उद्यमी तकनीकी सत्रों, व्याख्यानों और प्रस्तुतियों के माध्यम से मत्स्य पालकों को मार्गदर्शन देंगे।

1000 से अधिक मत्स्य पालकों की सहभागिता

उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से करीब 1000 मत्स्य पालकों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का वेबकास्टिंग के जरिए प्रदेश के सभी 75 जनपदों में सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।

फिश फूड कोर्ट रहेगा आकर्षण का केंद्र

एक्सपो में ‘फिश फूड कोर्ट’ विशेष आकर्षण होगा, जहां विभिन्न प्रकार के मछली व्यंजनों का प्रदर्शन और स्वाद उपलब्ध रहेगा। साथ ही प्रोटीन के महत्व और पोषण सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मत्स्य पालन को रोजगार सृजन और किसानों की आय बढ़ाने का मजबूत माध्यम बना रही है। ऐसे आयोजनों से मत्स्य पालकों को नई तकनीक, बाजार और उद्यमिता के अवसरों की जानकारी मिलेगी, जिससे वे अपने व्यवसाय को अधिक प्रतिस्पर्धी और लाभकारी बना सकेंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version