वाराणसी में STF का बड़ा एनकाउंटर: 1 लाख का इनामी शूटर बनारसी यादव ढेर
रिपोर्ट/राजेश सिंह
वाराणसी/उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी शूटर बनारसी यादव को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। यह एनकाउंटर चौबेपुर थाना क्षेत्र के बारियासनपुर रिंग रोड पर हुआ, जहां बदमाश की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की थी।
जानकारी के अनुसार, देर रात एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस और एसटीएफ ने भी फायरिंग की, जिसमें कुख्यात सुपारी किलर बनारसी यादव गोली लगने से घायल हो गया।
घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से एक अवैध तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बनारसी यादव लंबे समय से हत्या, रंगदारी और सुपारी किलिंग जैसे गंभीर अपराधों में वांछित था। उस पर कई थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज थे और वह पुलिस को लंबे समय से चकमा दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे मामले की विधिक कार्रवाई जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इसे अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है और कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
