श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर डीआईजी अजय कुमार साहनी की समीक्षा, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से परिक्षेत्र के सभी जनपदों की तैयारियों का लिया जायजा, शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन पर जोर
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी ने आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए परिक्षेत्र कार्यालय में समीक्षा बैठक की। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें सभी जनपदों के प्रभारी अधिकारियों एवं अपर पुलिस अधीक्षकों (नोडल) ने भाग लिया।
बैठक के दौरान डीआईजी अजय कुमार साहनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएं। संवेदनशील स्थानों की विशेष निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
डीआईजी ने सभी अधिकारियों से कहा कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ लागू की जाएं।


