2027 की जंग की बिगुलनाद: अखिलेश यादव 28 मार्च से नोएडा से करेंगे सपा के चुनावी अभियान का आग़ाज़
रिपोर्ट/सत्य प्रकाश
लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में समाजवादी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियाँ तेज़ कर दी हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लगभग 11 महीने पहले ही चुनावी कैंपेन की शुरुआत करने जा रहे हैं। इसकी शुरुआत 28 मार्च को नोएडा से होगी, जहां अखिलेश यादव एक बड़ी PDA भागीदारी रैली को संबोधित करेंगे।
ख़ास बात यह है कि अखिलेश यादव ने चुनावी अभियान के लिए नोएडा जैसे उस क्षेत्र को चुना है, जहां सपा की स्थिति अब तक सबसे कमज़ोर रही है। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में गौतमबुद्धनगर (नोएडा) ज़िले की सभी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की थी, जबकि समाजवादी पार्टी को एक भी सीट नहीं मिल पाई थी।
सपा सूत्रों के मुताबिक, 28 मार्च को होने वाली इस रैली से ही पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए PDA फ़ॉर्मूले (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का औपचारिक ऐलान करेगी। पार्टी का फोकस उन इलाकों पर रहेगा, जहां पिछले चुनावों में सपा का प्रदर्शन कमजोर रहा है।
अखिलेश यादव की रणनीति साफ़ मानी जा रही है—कमज़ोर गढ़ों से ही मजबूती की शुरुआत। नोएडा से अभियान शुरू कर सपा यह संदेश देना चाहती है कि पार्टी अब हर क्षेत्र में मज़बूती से चुनावी मैदान में उतरेगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव से काफ़ी पहले प्रचार शुरू करना सपा की आक्रामक रणनीति का संकेत है, जिससे पार्टी संगठन को ज़मीनी स्तर पर मज़बूत करने और PDA समीकरण को धार देने की कोशिश में जुट गई है।
