सर्किट हाउस में CM योगी का कड़ा संदेश

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बांग्लादेशी-रोहिंग्या पर ज़ीरो टॉलरेंस, मतदाता सूची में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं
विकास कार्यों की गहन समीक्षा, बूथ प्रबंधन पर भी खास जोर—“अभी मेहनत करो, जीत सुनिश्चित होगी”**

बरेली। गुरुवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अचानक दौरे ने बरेली प्रशासन से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल तेज कर दी। सर्किट हाउस में आयोजित महत्वपूर्ण मंडलीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की सीधी क्लास लगाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं चलेगी।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में समयबद्धता और गुणवत्ता—दोनों अनिवार्य हैं, और इन मानकों से समझौता करने वालों पर कार्रवाई तय है।

बांग्लादेशी–रोहिंग्या पर सख्त निर्देश: “एक भी अवैध घुसपैठिया बचना नहीं चाहिए”

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े संवेदनशील मामलों पर विस्तृत फीडबैक लिया।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ पर राज्य सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है—जीरो टॉलरेंस।
सीएम ने पुलिस और खुफिया एजेंसियों को निर्देश दिया कि अवैध घुसपैठियों और उनसे जुड़े गिरोहों को हर हाल में कानून के दायरे में लाया जाए।
उन्होंने कहा कि इस तरह के तत्व सामाजिक और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं और किसी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।

मतदाता सूची पर विशेष ध्यान – ‘अपात्र नाम मिला तो अधिकारी जिम्मेदार’

सीएम योगी ने एसआईआर (Special Integrated Revision) की समीक्षा करते हुए कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी राज्य सरकार किसी हाल में सहन नहीं करेगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि एक-एक नाम की जांच गंभीरता से की जाए और अपात्र व्यक्तियों के नाम तत्काल हटाए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि चुनावी तैयारियों में शिथिलता सीधे जिम्मेदारी मानी जाएगी।

**विकास परियोजनाओं पर लगाई क्लास

‘सही डेटा, सही योजना और सही नीयत—तभी मिलेगा परिणाम’**
मुख्यमंत्री ने मंडल व जिले में चल रही विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और जहां भी धीमी प्रगति मिली, वहां नाराज़गी जताई।
उन्होंने कहा कि डेटा सही होगा, तभी योजना का असर जमीन पर दिखेगा।
उन्होंने अफसरों से कहा कि प्रधानमंत्री व राज्य सरकार की योजनाओं का असली लाभ जनता तक पहुँचे, इसके लिए पारदर्शिता और गति दोनों आवश्यक हैं।

बूथ प्रबंधन पर जोर – “अभी मेहनत करो, जीत पक्की होगी”

सीएम ने बूथ प्रबंधन और संगठनात्मक तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों से कहा कि समय रहते बूथों पर मजबूती सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा—
“अभी की गई मेहनत आने वाले समय में जीत का रास्ता आसान करेगी। टीमवर्क के साथ मैदान में उतरें, जीत निश्चित है।”

वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों की मौजूदगी

बैठक में प्रदेश के कई दिग्गज मंत्री और अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें—
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रभारी मंत्री जे.पी.एस. राठौर, वन राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, सांसद, मेयर, विधायक और भाजपा पदाधिकारी शामिल थे।
प्रशासनिक स्तर पर एडीजी ज़ोन रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी, डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई